
News Edition 24 : आज डॉक्टर्स डे पर एक दुखद खबर निकल कर आई है। महाराष्ट्र के पुणे में आज डॉक्टर्स डे पर एक डॉक्टर दंपति ने आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि वनवाणी थाना क्षेत्र के आजाद नगर में रहने वाले डॉक्टर दंपति में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके चलते पहले पत्नी, फिर पति ने सुसाइड कर लिया। दोनों की पहचान अंकिता निखिल शेंडकर (26) तथा निखिल दत्तात्रेय शेंडकर (28) के रूप में हुई है।
अंकिता एवं निखिल दोनों आजाद नगर में रह रहे थे। दोनों अलग-अलग स्थानों पर प्रैक्टिस कर रहे थे। अंकिता की क्लिनिक गली नंबर 2, आजाद नगर में है तथा निखिल कहीं और प्रैक्टिस कर रहा था। पिछली रात घर लौटते वक़्त दोनों के बीच फोन पर कहा-सुनी हो गई। रात लगभग आठ बजे जब निखिल घर पहुंचा तो अंकिता ने आत्महत्या कर ली थी।
अंकिता बेडरूम में फंदे से लटकी मिली। अंकिता को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने तत्काल लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद अंकिता की लाश को उसके भाई को सौंप दिया गया। पत्नी के आत्महत्या कर लेने का सदमा पति निखिल बर्दाश्त नहीं कर पाए और निखिल ने भी बृहस्पतिवार प्रातः लगभग सात बजे फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। निखिल की मौत की जानकारी पाकर वानवाणी पुलिस फिर मौके पर पहुंची। निखिल की लाश को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।