
जगदलपुर, 19 जुलाई — नगर पालिका निगम जगदलपुर ने शहर की सड़कों पर आवारा छोड़ी गई गौ माता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार से विशेष अभियान की शुरुआत की है। अब तक 12 गौ माताओं को पकड़कर सुरक्षित रूप से कांजी हाउस में स्थानांतरित किया गया है।
नगर निगम महापौर श्री संजय पांडे के दिशा-निर्देश पर चल रहे इस अभियान का नेतृत्व राजस्व सभापति श्री संग्राम सिंह राणा द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि—
“गौ माता हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक हैं। उनकी सेवा और सुरक्षा के लिए महापौर श्री संजय पांडे जी द्वारा यह पहल की गई है। कांजी हाउस में पेयजल, चारा व भूसे की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।”

कांजी हाउस का उद्देश्य
सड़कों पर आवारा घूमती गौ माता जहां एक ओर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाती हैं, वहीं यह पशु क्रूरता की श्रेणी में भी आता है। ऐसे में कांजी हाउस की व्यवस्था मानव और गौ माता दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई है।
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि—
जो भी पशुपालक अपनी गौ माता को सड़कों पर खुला छोड़ते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध जुर्माना, पशु जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नागरिकों से अपील
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी गौ माता को खुला न छोड़ें, और गौ कल्याण की भावना से नगर की स्वच्छता और सुरक्षा में सहयोग करें।
इस अभियान में नगर निगम की टीम से राकेश झलके, सुशील कर्मा, गोलू सहित अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे, जिन्होंने गौ माता को ससम्मान कांजी हाउस पहुंचाया।