
नव विवाहित जोड़े ने दिया स्वच्छता का संदेश, कोविड प्रोटोकॉल के पालन का किया अपील
सुकमा 01 फरवरी 2022/ सुकमा नगर पालिका क्षेत्र के शबरी नगर में बिते दिनांक 28 जनवरी को स्व.विपरो यादव के सुपुत्र का विवाह कार्यक्रम बड़े ही अनोखे ढंग से सम्पन्न हुआ। यूं तो हर विवाह कार्यक्रम वर-वधु के साथ ही कार्यक्रम में पधारे अतिथियों के लिए खास होता है।
स्वच्छ सुकमा, सुन्दर सुकमा के ध्येय को किया साकार
महादेव यादव और श्रीमती बेलमती यादव का विवाह कार्यक्रम इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है।जिसका कारण नव विवाहित जोड़े का जागरुक और जिम्मेदार सोच है। उन्होंने अपने प्रितिभोज कार्यक्रम में प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतः निषेध रखा। इसके साथ ही कार्यक्रम में पधारे समस्त अतिथियों द्वारा मास्क और सैनिटाईजर का उपयोग अनिवार्य रुप से किया जाए, यह भी सुनिश्चित किया।

सुकमा नगरपालिका कार्यालय में कार्यरत 34 वर्षीय महादेव यादव ने बताया कि आमतौर पर प्रितिभोज कार्यक्रम में भोजन की बर्बादी के साथ ही बहुत मात्रा में प्लास्टिक का उपयोग होता है, अमूमन प्लास्टिक की कटोरियां, चम्मच, गिलास आदि का उपयोग किया जाता है, जो पर्यावरण के लिए हानिकारक सिद्ध होते हैं। साथ ही इन्हें खुले में फेंकने पर गाय व अन्य पशु भूलवश इन्हें खा लेते है, जिनसे पशुओं को अनेक प्रकार की समस्याएं होती है। खुले में फेंके गए प्लास्टिक नाली में जाम होने से नालियों से पानी की निकासी में परेशानी होती है, जिससे पानी वहीं जमा होने लगता है और मच्छर बढ़ने का खतरा बढ़ता है। इन समस्त परेशानियों से प्रत्यक्ष रुप से हमारा पर्यावरण दूषित होता है। इसलिए उन्होंने फैसला लिया कि वे प्रितिभोज कार्यक्रम को पूर्णतः प्लास्टिक रहित करेंगे।
स्टील के चम्मच, गिलास का हुआ उपयोग
सुकमा नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी आशीष कोर्राम ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत प्रदेश में यह पहला ऐसा सामूहिक आयोजन है जिसमें पूर्ण रुप से प्लास्टिक के उपयोग को प्रितिबंधित रखा गया। नगर पालिका की ओर से इस प्रितिभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें आमतौर पर शादी पार्टियों में भोजन के समय उपयोग होने वाले प्लास्टिक चम्मच, कटोरियों और गिलास की जगह उन्होंने स्टील के बरतनों का उपयोग किया गया। स्टील के चम्म्च, गिलास और कटोरियों के उपयोग के साथ ही भोजन के अपव्यय को रोकने के लिए अतिथियों को आवश्यकतानुसार ही अपनी थाली में भोजन लेने के लिए प्रेरित किया गया।

नव विवाहित महादेव यादव और श्रीमती बेलमती यादव ने कहा कि अपने पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना और अपने आसपास साफ सफाई रखना हम सभी की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। शासन प्रशासन हम सभी से स्वच्छता बनाए रखने हेतु सदैव अपील करता है। अपने नगर को स्वच्छ बनाने के की व्यक्तिगत शुरुआत के रुप में उन्होने इस आयोजन का फैसला लिया। जिससे सुकमा जिले के साथ ही प्रदेश भर के आम जन प्रेरित हो, स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझे और अपना योगदान दे।