सुकमा जिले के सोड़ी विनोद का चयन राज्य तीरंदाजी अकादमी में…

तीरंदाजी में सुनहरा भविष्य बनाने का लक्ष्य

सुकमा 01 फरवरी 2022/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पारंपरिक और लोकप्रिय खेलों के प्रतिभाओं को बढ़ावा देने हेतु राज्य में अनेक खेल अकादमी का निर्माण व संचालन करने जा रही है। इसी तारतम्य में, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ के द्वारा राजधानी रायपुर में राज्य के तीरंदाजी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक व सर्व सुविधायुक्त, आवासीय स्वर्गीय कोदूराम स्मृति तीरंदाजी अकादमी का आगामी शैक्षणिक सत्र से संचालन किया जाना है। इस आवासीय अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को शैक्षणिक सुविधा, राष्टीय स्तर के प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण, आवश्यक खेल सामग्री,आवास, भोजन व अन्य सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराया जायेगा।

जिसमे जिला सुकमा के दूरस्थ क्षेत्र ग्राम करीगुण्डम निवासी और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोंटा में अध्ययनरत छात्र सोड़ी विनोद का चयन अंतिम रूप से तीरंदाजी अकादमी हेतु किया गया है। उल्लेखनीय है कि अकादमी में प्रवेश हेतु दिनांक 11 से 13 अक्टूबर 2021 तक बिलासपुर में राज्य के सभी जिलों के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल किया गया था। सुकमा जिला खेल अधिकारी ने बताया कि जिले से चयनित 21 खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों हॉकी, एथलेटिक्स व तीरंदाजी में चयन ट्रायल हेतु भेजा गया था। चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर अंतिम चयन किया गया।
सोड़ी विनोद ने जिले में खिलाड़ियों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर श्री विनीत नन्दनवार और जिला खेल अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुकमा जिले में स्कूली छात्रों को खेल के प्रति प्रोत्साहन के फलस्वरुप ही जिले के खिलाड़ी राज्य स्तर पर स्वयं को साबित करने में सक्षम हुए हैं। विनोद तीरंदाजी खेल में राष्ट्रीय स्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *