CM बोले- पुरंदेश्वरी BJP नेताओं को हंटर लगाती हैं…

बिलासपुर में बघेल ने कहा- भाजपा की प्रदेश प्रभारी गजब महिला है…
15 साल के मुख्यमंत्री को CM का चेहरा मानने से ही इनकार कर दिया…

News Edition 24 Desk: CM भूपेश बघेल ने सोमवार को मीडिया से चर्चा में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और भाजपा पर जमकर हमला बोला। CM ने कहा कि जब से डी पुरंदेश्वरी प्रदेश भाजपा प्रभारी बनकर आई हैं, तब से भाजपा के लोगों को जमकर हंटर लगा रही हैं और दौड़ा रही हैं। पुरंदेश्वरी गजब की महिला हैं, 15 साल डॉ. रमन का जो चेहरा मुख्यमंत्री का रहा, जिसके नेतृत्व में 4 चुनाव लड़े गए, उसको उन्होंने कह दिया, यह हमारा चेहरा नहीं है। यही नहीं रमन सिंह बोले कि मैं पार्टी का छोटा चेहरा हूं, तो पुरंदेश्वरी ने कहा वह भी नहीं हैं। रमन सिंह के लिए इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। भाजपा ने जगदलपुर में जो चिंतन शिविर किया उसका नतीजा थूक निकला। सीएम बघेल सोमवार को निजी दौरे पर बिलासपुर आए थे।

धर्मांतरण पर बोले-भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं

उन्होंने कहा, भाजपा शासनकाल में सबसे ज्यादा चर्च बने। सभी के निर्माण को भाजपा ने ही परमिशन दी और आज धर्मांतरण को मुद्दा बनाकर हल्ला मचा रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सब देख और समझ रही है। आगे CM ने कहा कि भाजपा के पास अब दूसरा कोई मुद्दा नहीं है। किसान, महिलाओं, आदिवासियों और मजदूरों के मुद्दे पर भाजपा कुछ नहीं बोल सकती है, लिहाजा भाजपा धर्मांतरण को मुद्दा बनाना चाहती है। भाजपा के शासनकाल में ऐसे मुद्दे बनते रहते हैं जिसे बाद में वह खुद भूल जाते हैं। GST, 15 लाख देने का वादा इसके उदाहरण है।

गोबर से बनाएंगे बिजली

CM ने सरकार की योजनाओं की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के लोगों को मिल रहा है। अब गोबर से बिजली उत्पादन करने की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। गौठानों के माध्यम से ग्रीन एनर्जी का उत्पादन आने वाले समय में प्रदेश के लिए एक बड़ा क्रांतिकारी कदम होगा। सोलर सिस्टम के जरिए बिजली उत्पादन में सबसे बड़ी समस्या यह है कि मौसम बिगड़ने पर बिजली उत्पादन ठप हो जाता है, लेकिन गोबर से बिजली उत्पादन में ऐसी कोई समय नहीं होगी। गोबर के माध्यम से 24 घंटे उत्पादन हो सकता है। भूपेश बघेल निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रात में ही कार से रायपुर लौट जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *