रायपुर। नई दिल्ली में आज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की स्टीयरिंग कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में फैसला लिया गया कि, कांग्रेस का महाधिवेशन छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होगा।
कांग्रेस का महाधिवेशन अगले साल यानी 2023 में 2 फरवरी से 4 फरवरी तक रायपुर में होगा। इस तीन दिन के महाधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाजुर्न खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी समेत देशभर के कांग्रेस नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी कि, अगले साल रायपुर में 2 फरवरी से 4 फरवरी तक कांग्रेस का तीन दिवसीय महाविधवेशन होगा। इस दौरान मौजूदा राजनीतिक, आर्थिक स्थिति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही अगले लोकसभा चुनाव से पहले नये विचारों पर चर्चा की जाएगी।
सीएम भूपेश ने कहा- यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल होगा
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, मुझे बताते हुए खुशी है कि स्टीयरिंग कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 85वां अधिवेशन रायपुर में फरवरी माह में होगा। यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण पल होगा।