
स्कूली बच्चों में गणितीय ज्ञान कौशल, भाषाई कौशल को किया जा रहा विकसित….
सुकमा । समग्र शिक्षा छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण कार्ययोजना बच्चों में बुनियादी भाषायी एवं संख्यात्मक ज्ञान कौशल विकसित करने के उद्देश्य से 100 दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत बच्चो में भाषायी एवं गणितीय कौशल विकसित करने के साथ ही बुनियादी दक्षता हासिल करने हेतु नियमित गतिविधियां की जा रही है। इस योजना की शुरुआत 1 जनवरी 2022 से शिक्षा मंत्री छ.ग.शासन के द्वारा की गयी है। इसके तहत प्रति सप्ताह विभिन्न प्रकार की भाषायी एवं गणितीय कौशल बच्चों में बुनियादी दक्षता हासिल करने हेतु विकासखंड सुकमा के समस्त शासकीय, अनुदान प्राप्त शाला, एवं प्राइवेट शालाओं में नियमित रूप से गतिविधियां आयोजित किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के कक्षा स्तर के अनुरुप भाषा एवं गणित कौशल को ध्यान में रखते हुए गतिविधियां आयोजित की जा रही है। कक्षा पहली से आठवीं तक कुल तीन स्तर बनाए गए हैं, प्रथम स्तर में कक्षा दूसरी तक, द्वितीय स्तर में कक्षा तीसरी से कक्षा पांचवी तक एवं तृतीय स्तर में कक्षा छठवीं से कक्षा आठवीं तक के छात्रों के लिए प्रति सप्ताह अलग अलग दक्षताओं पर गतिविधियां आयोजित की जा रही है। प्रथम स्तर के बच्चों में मौखिक भाषा विकास (सुनना, बोलना), वर्ण ज्ञान,श्रुतलेखन व स्वतंत्र पठन तथा संख्या ज्ञान, विभिन्न प्रकार के वस्तुओं एवं आकृतियों के भौतिक गुणों की समझ, मूलभूत गणितीय संक्रिया की स्थानीय परिवेश के संदर्भ में बेहतर समझ विकसित करने का एक सार्थक कदम है। इसी प्रकार अन्य दोनों स्तरों के छात्रों के लिए स्तर के अनुसार भाषा एवं गणित कौशल विकास पर गतिविधियां नियमित रूप शालाओं में आयोजित की जा रही है।
यह कार्यक्रम कलेक्टर विनीत नंदनवार के नेतृत्व एवं नितिन डंडसेना जिला शिक्षा अधिकारी, श्याम सुन्दर सिंह चौहान जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा सुकमा एवं रजनीश सिंह, ए.पी.सी सीताराम सिंह राणा के मार्ग दर्शन में विकास खंड शिक्षा अधिकारी सुकमा, सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी सुकमा, विकासखंड स्रोत समन्वयक सुकमा एवं समस्त संकुल समन्वयक (विकासखंड सुकमा) के टीम द्वारा सभी शालाओं में नियमित गतिविधियां आयोजित की जा रही है।