• एक जुलाई से राज्य में रोका छेका अभियान

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खरीफ फसलों की सुरक्षा और पशुओं को वर्षा ऋतु में होने वाली गलघोटू और एकटंगिया बीमारी से बचाने के लिए गत वर्ष भांति इस वर्ष भी आगामी एक जुलाई से राज्य में रोका छेका अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सुराजी गांव योजना के तहत गांवों में निर्मित शत-प्रतिशत गौठानों को क्रियाशील बनाने के लिए गौठान समितियों का गठन करने और गौठानों में चारागाह के लिए सुरक्षित भूमि में इस वर्ष अनिवार्य रूप से चारागाह विकसित करने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को अपने निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के तहत पशुपालक गोबर विक्रेताओं, गौठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को राशि अंतरण के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर एक जून से 15 जून तक गौठानों में क्रय किए गोबर की राशि सहित गौठान समितियों एवं स्व-सहायता समूहों को लाभांश के रूप में कुल 7 करोड़ 80 लाख रुपए की राशि का आनलाइन भुगतान किया। गोधन न्याय योजना के तहत अब तक गोबर विक्रेताओं को 96.64 करोड़ और गौठान समितियों एवं स्व-सहायता समूहों को लाभांश के रूप 17.55 करोड़ रुपए,इस प्रकार कुल 114.19 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

कार्यक्रम में कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरू रूद्रकुमार, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. एम. गीता ने गोधन न्याय योजना की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 10 हजार 57 गौठानों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इसमें से 5820 गौठानों सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। गोधन न्याय योजना से राज्य के 1 लाख 70 हजार पशुपालकों को अब तक 96.64 करोड़ रुपए का भुगतान गोबर खरीदी के एवज में किया जा चुका है। इस योजना का फायदा 75 हजार भूमिहीन परिवारों को भी मिल रहा है। गौठानों में उत्पादित 11 करोड़ रुपए की वर्मी कम्पोस्ट समितियों को विक्रय के लिए उपलब्ध कराई गई है।
ब्यूरो रिपोर्ट रायपुर : जॉय फर्नांडीस