
भारत विविधताओं वाला देश उनमें से एक मुख्य भाषा हिंदी
News Desk : किसी देश की मातृभाषा उस देश की पहचान होती है और वहां के नागरिकों का सम्मान भी उनकी मातृभाषा से जुड़ा होता है। हमारा देश भारत विविधताओं वाला देश कहा जाता है और देश में लगभग 121 भाषाएँ बोली जाती है जिनमें से 22 भाषाओँ को संविधान में मान्यता प्राप्त है। उन्हीं में से एक मुख्य भाषा हिंदी है जो देश के अधिकतर लोगों द्वारा बोली और समझी जाती है। जिस दिन हिंदी को हमारे संविधान में देश की राष्ट्रभाषा का दर्जा दिया गया उस दिन को हम राष्ट्रीय हिंदी दिवस के रूप में मनाते हैं।
वर्ष में 2 तारीखों को हिंदी दिवस मनाया जाता है जिसमें एक विश्व हिंदी दिवस है जो 10 जनवरी को मनाते हैं और दूसरा है राष्ट्रीय हिंदी दिवस जो 14 सितंबर को मनाते हैं।

भारत देश के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी हिंदी दिवस पर अपनी शुभकामनाएं देशवासीयों को दी है
सांस्कृतिक व भाषाई विविधता से भरे भारत देश में – पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण के बीच, सदियों से, कई भाषाओं ने संपर्क बनाए रखने का काम किया है। हिंदी इसमें सबसे प्रमुख भाषाओं में से एक रही है और हिंदी भाषा के योगदान को समय-समय पर सराहा भी गया है। इसके अलावा हिंदी ने भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया है। हिंदी भारत के स्वतंत्रता संग्राम के समय से राष्ट्रीय एकता और अस्मिता का प्रभावी व शक्तिशाली माध्यम रही है। हिंदी की सबसे बड़ी शक्ति इसकी वैज्ञानिकता, मौलिकता, सरलता, सुबोधता और स्वीकार्यता भी है। हिंदी को जन-जन की भाषा भी कहा गया है।