संपूर्णता अभियानःकलेक्टर ने मृदा नमूना संग्रहण और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण प्रक्रिया का लिया जायजा

किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड से होने वाले लाभों के संबंध में करें जागरूक – कलेक्टर

सुकमा, 24 सितंबर 2024/ कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने मृदा नमूना संग्रहण और मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण प्रक्रिया की जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मृदा नमूना संग्रहण की प्रक्रिया के सभी पहलुओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने संपूर्णता अभियान के अंतर्गत किसानों तक मृदा स्वास्थ्य कार्ड समय पर पहुँचाने और इसका अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के फायदों के बारे में जागरूक किया जाए और अधिकतम किसानों तक इसका लाभ पहुँचाया जाए।

कलेक्टर ने यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सभी कृषि अधिकारियों द्वारा किसानों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जाएं, जहां उन्हें मृदा स्वास्थ्य कार्ड के लाभों के बारे में जागरूक किया जाए। इस दौरान उप-संचालक कृषि, सहायक संचालक कृषि, और सुकमा विकासखंड के समस्त ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित थे।

उप-संचालक कृषि श्री पीआर बघेल ने बताया कि संपूर्णता अभियान के तहत जिले में मृदा नमूना संग्रहण कर टेस्ट के पश्चात किसानों को स्वाइल कार्ड वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृदा नमूना संग्रहण एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत खेतों से मृदा (मिट्टी) के नमूने लिए जाते हैं ताकि उसकी रासायनिक, भौतिक और जैविक गुणवत्ता का विश्लेषण किया जा सके। इस विश्लेषण के आधार पर किसानों को उनकी मिट्टी की सेहत के बारे में जानकारी दी जाती है, जिससे वे अपनी खेती में सही खाद और उर्वरक का उपयोग कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *